Collector Office Rajgarh
दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना के आवेदन 31 अगस्त तक
स्पर्श पोर्टल के माध्यम से होगा ऑनलाइन आवेदन
राजगढ़ 03 जुलाई, 2026
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन हेतु एनआईसी मध्यप्रदेश के सहयोग से स्पर्श पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन प्रणाली विकसित की गई है। इसके माध्यम से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना का संचालन ऑनलाइन किया जाएगा। उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण ने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राएं स्वयं स्पर्श पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन दर्ज कर सकेंगे। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों से 31 अगस्त, 2026 तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्रता के आधार पर स्वीकृति अथवा अस्वीकृति की कार्रवाई संबंधित अधिकारियों द्वारा 15 सितंबर, 2026 तक नियमानुसार सुनिश्चित की जाएगी। योजना का उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहन प्रदान कर उनकी शैक्षणिक प्रगति को बढ़ावा देना है। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने सभी पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय-सीमा में स्पर्श पोर्टल पर आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।।
Jansampark Madhya Pradesh
02/07/2026
'विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)' का जिला स्तरीय शुभारंभ गोपालपुर में संपन्न
गांवों की जरूरत के अनुरूप होंगे विकास कार्य, रोजगार के साथ प्राकृतिक संसाधनों का होगा संरक्षण - सांसद श्री नागर
राजगढ़ 02 जुलाई, 2026
प्रधानमंत्री के संकल्प 'विकसित भारत' को साकार करने की दिशा में आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के ग्राम मुक्कावरिपल्ली से 'विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)' (VB-GRAM G) का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ किया गया।इसका सीधा प्रसारण देशभर में देखा गया। इसी क्रम में राजगढ़ जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम जनपद पंचायत राजगढ़ के ग्राम गोपालपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद श्री रोडमल नागर, नरसिंहगढ़ विधायक श्री मोहन शर्मा, राजगढ़ विधायक श्री अमर सिंह यादव, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सरपंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने योजना की भूमिका रखते हुए कहा कि 'विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)' ग्रामीण विकास का एक समग्र अभियान है। इस योजना के माध्यम से गांवों में रोजगार सृजन, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण तथा आजीविका संवर्धन के कार्य स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप किए जाएंगे। योजना में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। फसल कटाई एवं कृषि कार्य के व्यस्त समय में मजदूरी कार्यों का दबाव न रहे, इसके लिए कार्यों के निर्धारण में भी आवश्यक प्रावधान किए गए हैं।
राजगढ़ विधायक श्री यादव एवं नरसिंहगढ़ विधायक श्री शर्मा ने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ गांवों के सतत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से योजना के क्रियान्वयन में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। सांसद श्री नागर ने अपने संबोधन में कहा कि इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि गांव के विकास की प्राथमिकताएं स्वयं ग्रामवासी तय करेंगे। ग्राम पंचायतों की भागीदारी से गांवों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों का चयन किया जाएगा। योजना के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, आजीविका संवर्धन एवं ग्रामीण अधोसंरचना के विकास पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
*क्या है 'विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)'*
यह मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ टिकाऊ एवं स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर केंद्रित है। योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों की भागीदारी से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों का चयन किया जाएगा। जल संरक्षण, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, भूमि विकास, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन तथा प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो तथा गांव आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम के दौरान संबल योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सरपंचों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन की सहभागिता रही।।
Jansampark Madhya Pradesh
01/07/2026
समयबद्ध क्रियान्वयन पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा का जोर, गुणवत्ता से समझौता नहीं
श्रम योगी मानधन, पौधरोपण, खाद वितरण, पीएमएफएमई और सड़क निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
राजगढ़ 01 जुलाई, 2026
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित समय-सीमा पत्रों की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने श्रम योगी मानधन योजना के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के अधिक से अधिक पंजीयन के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। आगामी वृहद पौधरोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।
बैठक में खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने उप संचालक कृषि, जिला विपणन अधिकारी एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से खाद की उपलब्धता एवं वितरण की जानकारी प्राप्त की। साथ ही एक टोकन पर निजी समितियों द्वारा की गई आपूर्ति (कॉम्प्लायंस) की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों को बैंकिंग से जुड़े धोखाधड़ी के प्रकरणों की नियमित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पीएमएफएमई योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना में अपेक्षित संख्या में आवेदन प्राप्त नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के महाप्रबंधक को लक्ष्य अनुरूप आवेदन सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के वेतन रोकने की कार्रवाई का प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए।
खिलचीपुर में सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी खिलचीपुर को निर्देश दिए कि आगामी समय सीमा बैठक तक संबंधित ठेकेदार से घटिया निर्माण कार्य के संबंध में नियमानुसार वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित करें। निर्धारित समय-सीमा तक कार्रवाई नहीं होने पर सीएमओ के निलंबन की कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों में सोलर लाइट स्थापना की प्रगति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार आंगनवाड़ी केंद्रों के स्थानांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सार्थक पोर्टल पर कम उपस्थिति तथा समय सीमा बैठक में अनुपस्थित रहने पर मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन (डीएम नान) के संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि ई-ऑफिस में लंबित प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अब प्रत्येक समय सीमा बैठक में ई-ऑफिस की लंबित फाइलों की समीक्षा स्थायी एजेंडा के रूप में की जाएगी, जिससे प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो सके। साथ ही आयोजित समय सीमा बैठक में समय सीमा से बाहय लंबित आवेदनों का निराकरण समय पर नहीं किए जाने पर 4 अधिकारियों को 500-500 रूपये का जुर्माना लगाया गया। जिनमें श्री रामबाबू दांगी पंचायत कर्मी ग्राम पंचायत पीपल्या कुल्मी जनपद जीरापुर, श्री प्रदीप पारिक सचिव ग्राम पंचायत हरिपुरानजदीक जनपद पंचायत खिलचीपुर, श्री बनवारी लाल सचिव ग्राम पंचायत जटामडी जनपद पंचायत खिलचीपुर, श्री ओमप्रकाश शर्मा सचिव ग्राम पंचायत कासोर्कला जनपद ब्यावरा तथा न्यायालय नायब तहसीलदार भोजपुर, न्यायलय नायब तहसीलदार वृत्त बोडा तथा न्यायलय नायब तहसीलदार अमरगढ़ पर भी जुर्माना अधिरोपित किया गया। साथ ही कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा लोक सेवा प्रबंधक एवं जल निगम को शिकायत गलत तरीके से ट्रांसफर करने पर नाराजगी व्यक्त की।
Jansampark Madhya Pradesh
01/07/2026
वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ माह के प्रथम दिवस का शुभारंभ
कलेक्टर डॉ. मिश्रा की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ कार्यक्रम
राजगढ़ 01 जुलाई, 2026
माह के प्रथम दिवस पर कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रगीत "वंदे मातरम्" के सामूहिक गायन के साथ कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा एवं कर्तव्यबोध का परिचय दिया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। माह के प्रथम दिवस पर आयोजित यह परंपरागत कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं शासकीय कार्यों के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करने का प्रतीक रहा।
Jansampark Madhya Pradesh
Click here to claim your Sponsored Listing.
Category
Contact the organization
Telephone
Website
Address
संयुक्त कलेक्टर कार्यालय राजगढ़ , कक्ष/104 , प्रथम तल
Rajgarh
465661