Media zone,chhapra
09/06/2026
कुल 1100 कांडों में से 1055 मामलों में पीड़ित/आश्रित को देय मुआवजे के प्रथम क़िस्त की राशि का भुगतान हुआ
*अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति अत्याचार (निवारण) अधिनियम के तहत जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक*
◆ जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज अनुसूचित जाति/ जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक आहुत की गई।
◆ जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि वर्ष 2023 से 2026 तक इस अधिनियम के तहत दर्ज कुल 1100 कांडों में से 1055 मामलों में पीड़ित/आश्रित को देय मुआवजे के प्रथम क़िस्त की राशि का भुगतान किया गया है। 25 मामलों में संधि/सुलह की गई है। शेष 20 मामलों में प्रथम क़िस्त के मुआवजे का त्वरित भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
◆ इस अधिनियम के तहत दर्ज मृत्यु के मामलों में 57 निकटम आश्रितों को नियमानुसार पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।सभी का माह अप्रैल 2026 तक के पेंशन का भुगतान किया जा चुका है। चार आश्रितों को सरकारी नौकरी दी गई है। एक अन्य मामले में आश्रित को नौकरी देने हेतु कार्रवाई प्रक्रियाधीन है, जिसे अविलंब पूरा करने का निदेश दिया गया।
◆ जिलाधिकारी ने इस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज होने पर इसकी एक प्रति अविलंब ई-मेल के माध्यम से जिला कल्याण पदाधिकारी के कार्यालय में उपलब्ध कराने का निदेश सभी थाना प्रभारी को दिया।
◆ चार्जशीट हेतु लंबित सभी मामलों में प्राथमिकता से चार्जशीट दाखिल करने का निदेश दिया गया मुआवजे के द्वितीय किश्त की राशि का भुगतान किया जा सके।
◆ इस अधिनियम के तहत गवाहों को न्यायालय आने जाने के लिए यात्रा भत्ता दिये जाने का प्रावधान है। सभी उपयुक्त मामलों में नियमानुसार यात्रा भत्ता का भुगतान सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।
◆ बैठक में उपविकास आयुक्त , अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, जिला कल्याण पदाधिकारी, समिति के अन्य सदस्यगण तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न थाना प्रभारी जुड़े थे।
बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक लिपिक पद की प्रतियोगिता परीक्षा 10 जून को
26 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 12 हजार अभ्यर्थी होंगे परीक्षा में शामिल
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा दिनांक 10 जून 2026 को बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक लिपिक के पद पर नियुक्ति हेतु लिखित प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा एक पाली में पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक आयोजित होगी।सारण जिले में परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन हेतु कुल 26 परीक्षा केंद्रों का गठन किया गया है। इस परीक्षा में कुल 12,764 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।परीक्षा के स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं निष्पक्ष संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आज सभी केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की गई। बैठक में आयोग द्वारा निर्गत सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी-सह-प्रेक्षक के साथ पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त जोनल दंडाधिकारी एवं फ्लाइंग स्क्वॉड दंडाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं, जो विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बीच लगातार भ्रमण कर परीक्षा संचालन की निगरानी करेंगे तथा आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर अथवा अन्य संचार उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी अभ्यर्थियों की केंद्र में प्रवेश से पूर्व सघन एवं विधिवत फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, बायोमेट्रिक उपस्थिति, सीसीटीवी निगरानी एवं जैमर की व्यवस्था की गई है। सभी केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को इन व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाए।परीक्षा से संबंधित सूचनाओं एवं आवश्यक सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो परीक्षा अवधि के दौरान सक्रिय रहेगा।
जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या : 06152-242444जिला प्रशासन द्वारा सभी अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की गई है।
स्कूल से मोटर चोरी
तरैया थाना क्षेत्र के मिडिल स्कूल गंडार से अज्ञात चोरों ने मोटर चोरी कर ली है।इस संबंध में स्कूल के प्रभारी अध्यापक सत्य प्रकाश राम ने स्थानीय थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।शिक्षक ने अज्ञात चोरों पर मोटर चोरी करने का आरोप लगाया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।
09/06/2026
चाकू मारकर युवक से मोबाइल, नकदी व सोने का लॉकेट छीना
मढ़ौरा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में शनिवार देर शाम 22 वर्षीय युवक विकास कुमार मांझी पर चाकू से हमला कर बदमाशों ने लूटपाट की। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बदमाश उसके पास से मोबाइल फोन, 3500 रुपये नकद और सोने का लॉकेट छीनकर फरार हो गए। घायल युवक को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मढ़ौरा में भर्ती कराया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, खैरनी गांव निवासी विकास कुमार मांझी निजी कार्य से लालपुर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सुनसान रास्ते में लालपुर निवासी राजा कुमार, मनीष कुमार तथा दो अन्य अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से उन पर चाकू से हमला कर दिया।हमले के दौरान बचाव करने पर विकास के बाएं हाथ की कलाई में गंभीर चोट लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद बदमाशों ने उनके गले से सोने का लॉकेट, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा जेब में रखे 3500 रुपये छीन लिए।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल मढ़ौरा पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
पीड़ित द्वारा मढ़ौरा थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Click here to claim your Sponsored Listing.
Category
Contact the business
Telephone
Website
Address
Harimohan Lane, Nagar Nigam Chouk
Chhapra