Rocket News Network Azamgarh
25/03/2026
अफवाह से मचा हड़कंप: पेट्रोल-डीजल के लिए पंपों पर लगी लंबी कतारें, प्रशासन ने कहा—कमी नहीं
March 25, 2026
Rocket News Network Azamgarh
आजमगढ़। सरकार की ओर से लगातार भरोसा दिए जाने के बावजूद जनपद में पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर लोगों के मन में आशंका बनी हुई है। देश के अन्य हिस्सों से आ रही खबरों और फैल रही अफवाहों के बीच बुधवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
अतरौलिया क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल की कमी की अफवाह ने अचानक अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। सुबह होते ही अधिकांश पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी। लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन लेने लगे और कई जगहों पर बड़े गैलन व बोतलों में भी पेट्रोल-डीजल भरवाते नजर आए।
स्थिति यह रही कि एक पंप को छोड़कर लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ रही। सिकंदरपुर स्थित केटी फिलिंग स्टेशन पर “तेल नहीं है” का बोर्ड लगाकर आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
हालांकि कियान फिलिंग स्टेशन भदईपुर, मारुति फिलिंग स्टेशन भोराजपुर कला, किसान सेवा केंद्र महरूपुर, शिव कृपा किसान सेवा केंद्र छितौनी और किसान फिलिंग स्टेशन मदिया पार पर पंप खुले रहे, लेकिन यहां भी घंटों इंतजार के बाद लोगों को ईंधन मिल सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समय गेहूं की मड़ाई का सीजन चल रहा है, जिससे किसान पहले से ही डीजल की खरीद कर रहे थे। इसी बीच पड़ोसी जनपद अंबेडकरनगर से किल्लत की अफवाह फैलने पर अचानक मांग बढ़ गई और हालात बिगड़ गए।
पंप संचालकों ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है, लेकिन अफवाह के चलते लोग घबराकर अधिक मात्रा में ईंधन खरीद रहे हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो रही है।
वहीं, प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जनपद में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। साथ ही चेतावनी दी कि अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। #आजमगढ़
Click here to claim your Sponsored Listing.
Category
Contact the public figure
Telephone
Address
Azamgarh
276001